डीवीसी स्थापना दिवस पर सीएसआर के तहत डीवीसी कप फुटबॉल चैम्पियनशिप का आयोजन

*रोमांचक पेनाल्टी शूटआउट में ग्रामीण/चालक टीम बनी विजेता*

अंडाल : दमोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी) के 79वें स्थापना दिवस के अवसर पर दुर्गापुर स्टील ताप विद्युत स्टेशन (डीएसटीपीएस) द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत डीवीसी कप फुटबॉल चैम्पियनशिप–2026 का आयोजन शनिवार को डीवीसी डीएसटीपीएस फुटबॉल मैदान में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल भावना, शारीरिक स्वास्थ्य, टीम भावना तथा डीवीसी कर्मियों एवं आसपास के ग्रामीण समुदाय के बीच सौहार्द को बढ़ावा देना था।प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान, डीएसटीपीएस श्री अनिल कुमार जैन, मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान, डीटीपीएस श्री एन. वी. रामाना , महाप्रबंधक (एएमएस) श्री राजेश कुमार लायक , उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री श्रीकांत गेडाला तथा उप कमांडेंट, सीआईएसएफ श्री पी. के. चंद्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं उनसे हाथ मिलाकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, सीआईएसएफ के जवान, संविदा कर्मी तथा आसपास के ग्रामीण उपस्थित रहे।प्रतियोगिता का पहला मुकाबला डीवीसी टीम एवं वर्कर्स टीम के बीच खेला गया। मैच के प्रारंभ से ही वर्कर्स टीम ने शानदार तालमेल, तेज़ आक्रमण और अनुशासित खेल का प्रदर्शन करते हुए पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा। उत्कृष्ट टीमवर्क के दम पर वर्कर्स टीम ने डीवीसी टीम को 3-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।दूसरा मुकाबला ग्रामीण/चालक टीम एवं सीआईएसएफ टीम के बीच खेला गया, जो बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन निर्णायक क्षण में ग्रामीण/चालक टीम ने एकमात्र गोल कर 1-0 से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया।फाइनल मुकाबला वर्कर्स टीम एवं ग्रामीण/चालक टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल कौशल, तालमेल और खेल भावना का परिचय दिया। निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी, जिसके बाद मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। पेनाल्टी शूटआउट में ग्रामीण/चालक टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए वर्कर्स टीम को पराजित कर डीवीसी कप फुटबॉल चैम्पियनशिप–2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। विजेता घोषित होते ही पूरा मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा तथा खिलाड़ियों ने खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।विजेता टीम को मुख्य अतिथियों द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए विजेता एवं उपविजेता दोनों टीमों को बधाई दी। उन्होंने पूरे आयोजन के दौरान मैचों का आनंद लिया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।प्रतियोगिता का सफल संचालन उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री श्रीकांत गेडाला के कुशल मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ, जबकि पूरे टूर्नामेंट की प्रभावशाली एवं रोचक कमेंट्री श्री बसुदेव चक्रवर्ती ने की।वरिष्ठ प्रबंधक (सीएसआर) श्री शमीम अहमद के आयोजन एवं समन्वय में सीएसआर के अंतर्गत आयोजित यह फुटबॉल चैम्पियनशिप डीवीसी के सामाजिक सरोकार, खेल संस्कृति के प्रोत्साहन तथा कर्मचारी, संविदा कर्मियों, सीआईएसएफ एवं स्थानीय ग्रामीण समुदाय के बीच बेहतर समन्वय, सौहार्द एवं सहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई। प्रतियोगिता का सफल आयोजन डीवीसी की सामाजिक प्रतिबद्धता तथा सामुदायिक विकास के प्रति उसकी सतत् प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।

Click Here to Visit
What's Your Reaction?